सुल्तानपुर। यूपीआई कस्टमर केयर के नाम पर प्राइवेट कर्मी से बैंक खाते की जानकारी लेकर 95 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर शुक्रवार को कोतवाली नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
औरैया जिले के हमीरपुर रुरु गांव निवासी अनुज सिंह के मुताबिक सुल्तानपुर में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। 15 सितंबर को स्टोरी टीवी एप के जरिये उनके खाते से 699 रुपये कट गए थे। जानकारी लेने के लिए उन्होंने यूपीआई कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क किया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान दूसरी ओर से बात करने वाले व्यक्ति ने उनसे खाते से संबंधित जानकारी मांगी। 16 सितंबर की सुबह 10:33 बजे उनके आईसीआईसीआई बैंक के खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए गए। खाते से रकम निकाले जाने के बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक सुरेश नारायण मिश्र ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि अन्जान लिंक व व्यक्ति पर बिल्कुल भरोसा मत करें। किसी भी अपरिचित व्यक्ति से अपने खाते की डिटेल बताना घातक हो सकता है।