सुल्तानपुर। युवाओं के लिए रोजगार संगम पोर्टल अब नौकरी की गारंटी बनेगा। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के जरिये सेवा प्रदाता कंपनी और युवाओं का शिक्षा संबंधी विवरण फीड होगा। एक क्लिक करते ही युवाओं की योग्यता का पूरा खाका कंपनियों के सामने आ जाएगा। इससे नौकरी खोजने वाले युवा और मैनपावर की तलाश कर रही कंपनी को आपस में समन्वय करने में आसानी होगी।
पढ़ाई कर रहे युवाओं को नौकरी के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सेवायोजन विभाग ने रोजगार संगम पोर्टल तैयार किया है। इस पोर्टल पर संस्थान, सेवा प्रदाता और किसी भी पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष के छात्र-छात्रा का रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा।
इन तीनों के संगम से नौकरियों की व्यवस्था सुचारू रूप से हो सकेगी। इसके लिए जिले भर के तकनीकी और मेडिकल कॉलेजों के साथ ही डिग्री कॉलेजों का पंजीकरण भी पोर्टल पर कराने की योजना बनाई जा रही है। पोर्टल पर कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे विभिन्न पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष के युवाओं को पंजीकरण के जरिये शामिल किया जाएगा और सेवा प्रदाता कंपनियां भी इसी पोर्टल पर रजिस्टर्ड होंगी।
सेवायोजन विभाग कंपनियों से संपर्क कर लगवाएगा रोजगार शिविर
पंजीकरण के बाद सेवायोजन विभाग कंपनियों से संपर्क करके संबंधित संस्थानों में शिविर लगवाएगा और वहां पर छात्र-छात्राओं को उनकी योग्यता के अनुसार सीधे कॉलेज से प्लेसमेंट दिया जाएगा। इससे युवाओं को पढ़ाई पूरा करते ही बिना भटके पहली नौकरी मिल जाएगी।
कंपनियों और संस्थानों से किया जा रहा संपर्क
रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण के लिए कंपनियों, सभी मेडिकल, आईटीआई व डिग्री कॉलेजों से संपर्क किया जा रहा है। इसके बाद कॉलेज में ही शिविर लगाकर बच्चों को उनकी योग्यता के अनुसार प्लेसमेंट का प्रयास किया जाएगा।
-संदीप कुमार, सेवायोजन अधिकारी