सुल्तानपुर। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के कुर्मी बिजौली गांव में तीन हफ्ते पूर्व हुई युवती की हत्या का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या आरोपी मंगेतर को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कलछुल और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी ने युवती की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी कि उसका फोन लगातार व्यस्त बताता था। उसे संदेह था कि युवती का किसी और से संबंध है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के कुर्मी बिजौली (अठैसी) निवासी राम तीरथ वर्मा 25/26 नवंबर 2020 की रात पत्नी व दो बच्चों के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे जबकि उनकी बड़ी बेटी रोशनी (21) अंदर कमरे में सो रही थी। दूसरे दिन रोशनी चारपाई पर मृत मिली थी और पास में ही एक कलछुल पड़ा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया तो पता चला कि रोशनी की गला घोंटकर हत्या की गई है।
पुलिस ने परिवारीजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। एसपी शिवहरी मीणा ने हत्या के खुलासे के लिए स्वाट टीम प्रभारी अजय प्रताप यादव और जयसिंहपुर कोतवाल बेंचू सिंह यादव को जिम्मेदारी सौंपी थी। विवेचना के दौरान प्रकाश में आया कि रोशनी की शादी कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी श्रवण कुमार वर्मा के साथ तय थी।
स्वाट टीम प्रभारी अजय प्रताप यादव ने रोशनी के मोबाइल फोन के नंबरों की पड़ताल की तो पता चला कि आखिरी फोन श्रवण वर्मा का आया था। जांच में पता चला कि श्रवण कुमार 25 नवंबर की रात रोशनी से मिलने उसके घर पहुंचा था। स्वाट टीम और जयसिंहपुर कोतवाली पुलिस ने रविवार को श्रवण वर्मा को क्षेत्र के बेलहरी रोड पर स्थित मांडा हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में श्रवण ने स्वीकार किया कि उसने ही रोशनी की कलछुल से गला दबाकर हत्या की थी। सीओ सिटी सतीश चंद्र शुक्ल ने बताया कि 25 नवंबर की रात जब श्रवण वर्मा कुर्मी बिजौली गांव पहुंचा तो लगातार रोशनी का मोबाइल फोन व्यस्त बता रहा था।
इसे लेकर श्रवण और रोशनी के बीच विवाद हुआ था। श्रवण को लगता था कि रोशनी का किसी और से संबंध है। विवाद बढ़ने पर श्रवण ने रोशनी की गले पर कलछुल रखकर दबा दिया। श्रवण की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कलछुल भी बरामद कर लिया है।