भुलकी-दोमुहा मार्ग पर रेंगते वाहन।
भदैंया। टांडा-बांदा हाईवे के लोहरामऊ रेलवे ओवरब्रिज पर तीन दिन से आवागमन बंद होने से दोमुहा व भुलकी मार्ग के साथ शहर से सटे सौरमऊ में शुक्रवार को दो घंटे जाम लगा रहा। वैकल्पिक रास्ते को तलाशते हुए बाइक व कार सवार सौरमऊ गांव में घुस गए। रास्ता संकरा होने से आवागमन में परेशानियां उठानी पड़ीं। आरओबी की मरम्मत का काम तीसरे दिन शुक्रवार को भी नहीं शुरू हो सका है।
अयोध्या जाने व वहां से वापस आने वाले तीन हाईवे के वाहनों को भुलकी-दोमुहा मार्ग से मंगलवार रात से गुजारा जा रहा है। वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज व रायबरेली जाने वाले वाहन दोमुहा से सुल्तानपुर-वाराणसी हाईवे का रास्ता पकड़ रहे हैं। कुछ वाहन हनुमानगंज होकर निकल रहे हैं। इन मार्गों पर वाहनों की भीड़ बढ़ने से शुक्रवार दोपहर से बाइक सवार सौरमऊ गांव के रास्ते भुलकी चौराहे की ओर निकलने लगे। गांव में कार सवार भी घुस गए। दोपहर में लंबरदार का पुरवा व सौरमऊ गांव के रास्ते में जाम लग गया।
भुलकी से दोमुहा के बीच गुजरने में वाहन सवारों के पसीने छूट गए। पुलिस भुलकी चौराहा व दोमुहा तिराहे पर जाम खुलवाने में लगी रही। अयोध्या, प्रयागराज व वाराणसी जाने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। एनएचएआई के सीनियर इंजीनियर विकल्प सिंह ने बताया कि मजदूर और मशीनें पहुंच रही हैं, आरओबी की मरम्मत जल्द शुरू करा दी जाएगी।
दो बाइकों पर सवार चार लोग हुए चोटिल
मार्ग परिवर्तित होने से दोमुहा-भुलकी मार्ग पर वाहनों की कतार लग रही है। बृहस्पतिवार शाम पन्नाटिकरी के जय यादव व रामकेश दोमुहा तिराहे पर एक खड़ी बाइक से टकराकर गए। उनकी बाइक पलट गई। शुक्रवार सुबह जौनपुर के अगरेसर नौपेड़वा निवासी जयप्रकाश व उनकी पत्नी रोली अयोध्या जाते समय बाइक से गिरकर घायल हो गए। हालांकि बाइक सवारों को मामूली चोट आई।