टिकट पाने के लिए खुद पर फायरिंग कराई
सीओ लंभुआ ने बताया कि पुलिस ने धर्मेंद्र यादव उर्फ भोले निवासी राजपुर टटेरी, वाहन चालक मोहम्मद मुस्तकीम निवासी प्रतापपुर कमैचा थाना चांदा सुल्तानपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घटना का खुलासा हो गया। पुलिस ने धर्मेंद्र के पास से एक तमंचा व कारतूस बरामद किया है। धर्मेंद्र और मुस्तकीम ने बताया कि रीता यादव ने अपने जानने वाले पूर्व ग्राम प्रधान माधव यादव से मिलकर सुनियोजित तरीके से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी से विधायक का टिकट प्राप्त करने के लिए खुद पर फायरिंग कराई थी।
शहर में छापा मारकर पुलिस ने रीता यादव को गिरफ्तार किया
फायरिंग की घटना में मोहम्मद मुस्तकीम, सूरज यादव निवासी मानापुर, माधव यादव निवासी मानापुर कोतवाली चांदा व एक अन्य व्यक्ति शामिल था। पूछताछ के बाद उपनिरीक्षक चित्रा सिंह ने पुलिस टीम के साथ सुल्तानपुर शहर में छापा मारकर रीता यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया धर्मेंद्र यादव उर्फ भोले, वाहन चालक मोहम्मद मुस्तकीम और रीता यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।