सुल्तानपुर। परिवहन विभाग ने पहली अप्रैल से 15 साल पुराने प्राइवेट और कॉमर्शियल वाहनों के नवीनीकरण पर करीब आठ गुना ज्यादा फीस लेने का फरमान जारी किया है। विभाग ने फिटनेस शुल्क भी कई गुना बढ़ाकर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नवीनीकरण व फिटनेस की फीस बढ़ने से अब लोगों की जेब ढीली होगी।
वाहन स्वामियों को पहली अप्रैल से जोरदार झटका लगने वाला है। 15 साल पुराने प्राइवेट और कॉमर्शियल वाहनों का दोबारा पंजीकरण (नवीकरण) कराने पर करीब आठ गुना ज्यादा फीस देनी पड़ेगी। अभी तक 15 साल पुरानी कार का नवीनीकरण कराने पर छह सौ रुपये फीस और ग्रीन टैक्स अतिरिक्त देना पड़ता था।
अब पहली अप्रैल से कार का नवीनीकरण कराने के लिए ज्यादा फीस चुकानी होगी। इसके अलावा फिटनेस शुल्क में कई गुना बढ़ोतरी कर दी गई है। अब फिटनेस के लिए वाहन स्वामियों को चार हजार रुपये देने पड़ेंगे।
इसी तरह 15 साल पुराने दो पहिया वाहन के नवीनीकरण के लिए लगने वाली तीन सौ रुपये की फीस पहली अप्रैल से बढ़ाकर 1400 रुपये कर दी गई है। यह पहले की तुलना में करीब पांच गुना ज्यादा है। परिवहन विभाग ने हल्के यात्री व माल वाहन कार और ट्रक का नवीनीकरण का शुल्क भी बढ़ा दिया है। यह पहली अप्रैल से लागू कर दी जाएगी। वर्तमान समय में प्राइवेट आठ सीटर कार के लिए छह सौ रुपये, टैक्सी के लिए 800 रुपये और भारी वाहन के लिए 1200 रुपये फिटनेस शुल्क लगता है।
एआरटीओ प्रशासन नंद कुमार ने बताया कि पहली अप्रैल से मोटर वाहन अधिनियम का 22वां संशोधन लागू हो जाएगा। संशोधन लागू हो जाने पर वाहनों के नवीनीकरण व फिटनेस की बढ़ी हुई फीस ली जाएगी। मुख्यालय से आदेश प्राप्त हो गया और इसे पहली अप्रैल से लागू कराया जाएगा।