माह भर से पुलिस लाइंस में चल रहे गणतंत्र दिवस परेड का रविवार को फाइनल रिहर्सल किया गया। रिहर्सल के तहत चीफ गेस्ट के रूप में पुलिस लाइंस पहुंचे सीओ अमेठी के वाहन का गेट खोलकर एसपी ने उन्हें सेल्यूट किया व परेड ग्राउंड तक ले गए।
इसके बाद सिविल, आर्म्स व पुलिस कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मी, महिला सिपाही, होमगार्ड व पीएसी की छह टुकड़ियों ने परेड कर चीफ गेस्ट को सलामी दी। मंगलवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुबह साढ़े नौ बजे परेड होगी। परेड के मुख्य अतिथि काबीना मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति होंगे।
गणतंत्र दिवस की परेड का रिहर्सल पुलिस लाइंस में माह भर से चल रहा है। परेड में सिविल, आर्म्स व पुलिस कार्यालय में तैनात पुलिस कर्मी, महिला सिपाही, होमगार्ड व पीएसी के जवानों की अलग-अलग छह टुकड़ियां हिस्सा ले रही हैं। रविवार को पुलिस लाइंस में गणतंत्र दिवस की परेड का फाइनल रिहर्सल किया गया। फाइनल रिहर्सल में सीओ अमेठी आरके चतुर्वेदी मुख्य अतिथि बनाए गए थे।
सुबह साढ़े नौ बजे सीओ अमेठी मुख्य अतिथि के रूप में जैसे ही पुलिस लाइंस पहुंचे वहां मौजूद एसपी हीरालाल ने उनके वाहन का गेट खोला। सीओ जैसे ही वाहन से नीचे उतरे तो एसपी ने उन्हें सेल्यूट किया और परेड ग्राउंड पर ले गए। मुख्य अतिथि ने पुलिस की छह टुकड़ियों की सलामी ली और उसका निरीक्षण भी किया। बताते चलें कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंगलवार को अमेठी स्थित पुलिस लाइंस में सुबह साढ़े नौ बजे परेड होगी। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में भू-तत्व एवं खनिकर्म मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति मौजूद रहेंगे। सीओ लाइंस ने बताया कि गणतंत्र दिवस की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।