विकास भवन में अभिलेखों का सत्यापन कराने के लिए खड़ीं आवेदक।
सुल्तानपुर। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त चल रहे पदों पर भर्ती शुरू हो गई है। चयन के लिए आवेदकों के अभिलेखों का सत्यापन किया जा रहा है।
मंगलवार को विकास भवन के बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के कार्यालय में दूबेपुर ब्लॉक के 116 आवेदकों के अभिलेखों का सत्यापन किया गया। दूबेपुर में 63 पद रिक्त चल रहे हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रत्येक पदों पर चयन के लिए दो आवेदकों को बुलाया गया था। सुबह करीब 10 बजे आवेदकों के पहुंचने से कार्यालय के सामने भीड़ लगी रही।
कार्यालय में डीपीओ शरद कुमार त्रिपाठी व दूबेपुर की बाल विकास परियोजना अधिकारी ममता नायक ने क्रमवार आवेदकों के अभिलेखों का सत्यापन करते हुए उनसे हस्ताक्षर कराए। डीसी उमेश तिवारी, नवनीत श्रीवास्तव सहित अन्य सहयोग में लगे रहे। डीपीओ ने बताया कि सत्यापन के बाद अर्ह आवेदकों का समिति की ओर से चयन किया जाएगा।