कादीपुर में रामनवमी पर रविवार देर शाम गाजे-बाजे के साथ निकाली शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालु।
सुल्तानपुर। रामनवमी पर शहर और ग्रामीण अंचल में रविवार को गाजे-बाजे संग श्रद्धालुओं ने शोभा यात्रा निकाली। इससे पहले दोपहर 12 बजे श्रीरामजन्म पर मंदिरों में पूजन-अर्चन और आरती के साथ 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया गया। शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा जिला गुंजायमान हो उठा।
शहर के चौक स्थित श्रीराम जानकी मंदिर और श्रीकृष्णा नगर स्थित हनुमान मंदिर से रविवार देरशाम भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। रथ पर परिवार सहित रघुवीर विराजमान हुए। पूजा अर्चना व आरती के साथ 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया गया। शोभा यात्रा का जगह-जगह शहरवासियों ने रथ पर विराजमान भगवान राम की पूजा अर्चना कर श्रद्धालुओं को जलपान कराया।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के मंडल प्रभारी अमर बहादुर सिंह, व्यापारी नेता हिमांशु मालवीय, मोनू कसौधन, अंकित अग्रहरि, राजदेव शुक्ल मौजूद रहे। चौक व पंचरास्ते पर पुलिस बल सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रही। एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी, सीओ प्रशांत सिंह, नगर कोतवाल नारद मुनि सिंह, बंधुआकलां थानाध्यक्ष विजय सिंह शहर में भ्रमण करते हुए सुरक्षा का जायजा लेते रहे।