जितेंद्र कुमार शर्मा। (फाइल फोटो)
गोसाईगंज। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बांसगांव के पास सोमवार को हुए सड़क हादसे में घायल रेलवे कर्मचारी की लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई। मंगलवार को शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
मोतिगरपुर के शाहपुर नानेमऊ निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा डीआरएम ऑफिस प्रयागराज में तैनात थे। वह छुट्टी बिताकर सोमवार दोपहर बाइक से प्रयागराज जाने के लिए निकले थे। रास्ते में बांसगांव के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई थी। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर ले जाया गया, जहां से चिकित्सक ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया था। परिजन जितेंद्र को लखनऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार दोपहर उनका शव घर पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। दोपहर दो बजे दियरा राजघाट पर उनके शव का अंतिम संस्कार किया गया। उनके पिता अमरनाथ शर्मा रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी हैं।
दोनों बड़े भाई महेंद्र और रविंद्र शर्मा भी रेलवे में कार्यरत हैं। जितेंद्र की मौत से पत्नी रितु शर्मा व परिजनों का रोकर बुरा हाल है। दो वर्षीय बेटी किट्टू के सिर से पिता का साया उठ गया। दूसरे घायल दोस्तपुर के कुम्ही निवासी अनुराग तिवारी का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। संवाद