हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिग का टूटा फाटक।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर स्थित हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग के पश्चिमी फाटक को बृहस्पतिवार की दोपहर बंद करते समय बेकाबू ट्रक ने तोड़ दिया। फाटक का बूम टूटने के बाद बेगमपुरा अप समेत अन्य ट्रेनों को कॉशन पर आगे के लिए रवाना किया गया।
हनुमानगंज रेलवे क्रॉसिंग के गेट संख्या 69 बी का केबिन मैन बृहस्पतिवार की दोपहर एक ट्रेन का सिग्नल होने के बाद फाटक बंद कर रहा था। फाटक के दोनों बूम नीचे जा रहे थे। इसी बीच अचानक सुल्तानपुर से वाराणसी की तरफ जा रहे बेकाबू ट्रक ने पश्चिमी गेट के बूम को तोड़ दिया। बूम टूटने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। रेलवे क्रॉसिंग का बूम टूटने से बेगमपुरा अप एक्सप्रेस समेत कई सुपरफास्ट एक्सप्रेस व मालगाड़ियों के संचालन में परेशानी हुई। ट्रेनों को कॉशन पर धीमी गति से आगे के लिए रवाना किया गया। वहीं, ट्रेनों का सिग्नल होने के बाद क्रॉसिंग पर जंजीर बांधकर वाहनों को आगे जाने से रोका गया।
ट्रेनों के रवाना होने के बाद जंजीर खोलकर सड़क पर यातायात बहाल किया गया। ट्रेनों के संचालन के दौरान गेटमैन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। स्टेशन अधीक्षक पखरौली एस कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर एक ट्रक की टक्कर से गेट संख्या 69 बी के पश्चिमी छोर का बूम टूट गया है। इसकी सूचना कंट्रोल रूम व अधिकारियों को दी गई है। जब तक बूम लग नहीं जाता, रूट की अप व डाउन ट्रेनों का संचालन कॉशन पर किया जा रहा है।