अमेठी के जायस कस्बे के पास राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान के उद्घाटन समारोह में तीन केंद्रीय मंत्रियों ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इस क्षेत्र के एमपी का परिवार कई दशकों से सत्ता पर काबिज रहा, फिर भी यहां के लोग पानी जैसी बुनियादी समस्या से जूझ रहे हैं।
राहुल गांधी बड़े घर के बेटे हैं। उनके पास अमेठी की जनता के लिए समय नहीं है। अमेठी किसी की जागीर नहीं है। पेट्रोलियम मंत्री ने बातों ही बातों में उन्हें पप्पू तक कह डाला। कहा कि यूपी में खाट सभा कर रहे राहुल गांधी की अमेठी में ही खटिया खड़ी हो जाएगी। इस मौके पर गौरीगंज में मंत्रियों ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत एक हजार महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए।
पेट्रोलियम मंत्री ने बिना नाम लिए कहा कि यहां के सांसद को संस्थान के उद्घाटन के संदर्भ में पत्र भेजकर सूचना दी गई थी, लेकिन व्यस्तता बताकर उन्होंने आने से इन्कार कर दिया। उनका कहना था कि कार्यक्रम की तिथि उनसे पूछकर तय की जानी थी। इस तिथि पर वे व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि अब वे भविष्य में जब भी यहां आएंगे, तो यहां एक रात गुजारेंगे। प्रयास करेंगे कि राहुल गांधी भी उनके साथ रहे।
इस दौरान परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। अब यह तिथि राहुल गांधी से पूछकर तय की जाएगी। विकास के दावे करने वाले कुछ कांग्रेसी इस संस्थान पर अपना हक होने की बात कह रहे हैं, लेकिन सच तो यह है कि इस संस्थान के विकास के संदर्भ में उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने छह साल शासन के दौरान संस्थान को महज 129 करोड़ का ही बजट दिया, जबकि भाजपा सिर्फ दो साल के कार्यकाल में 302 करोड़ रुपये दे चुकी है।
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी शनिवार को अमेठी में थे। तीनों मंत्री जायस स्थित राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान का उद्घाटन करने के बाद करीब सवा दो बजे गौरीगंज स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचे। वहां पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को निशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए।