सुल्तानपुर। गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी अदालत में पेश नहीं हुए। इससे उनका बयान दर्ज करने की कार्रवाई टल गई। एमपी-एमएलए की विशेष काेर्ट के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 22 मार्च की तिथि नियत की है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कोतवाली देहात थाने के हनुमानगंज निवासी जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्र ने चार अगस्त 2018 को कोर्ट में परिवाद दायर किया था। आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने 15 जुलाई 2018 को गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। कोर्ट ने 27 नवंबर 2023 को राहुल गांधी को विचारण के लिए तलब किया था। पिछले दिनों राहुल गांधी ने कोर्ट में हाजिर होकर अपनी जमानत कराई थी। कोर्ट ने राहुल गांधी का बयान दर्ज करने के लिए 13 मार्च की तिथि नियत की थी। बुधवार को राहुल गांधी के नहीं आने से बयान दर्ज करने की कार्रवाई टल गई। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 22 मार्च की तिथि नियत की है।