सुल्तानपुर। रंग, गुलाल, पिचकारी और किराने की दुकानों पर लगी भीड़ महंगाई पर भारी होली के उल्लास को बयां कर रही हैं। हालांकि पिछले साल की तुलना में तकरीबन हर सामान के दाम बढ़ गए हैं। शहर की दुकानें इन दिनों रंगों और पिचकारियों से सजी हैं। किराने की दुकान पर भी खूब भीड़ है। महंगाई का ग्राहकों पर कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। पिचकारियों में स्पाइडर मैन, पेप्सीगन, सुपरमैन, मोदी मुखौटा आदि मार्केट में धूम मचा रहे हैं। इसके साथ ही म्युजिक-लाइट गन भी बच्चों को अपनी ओर खींचने का कोई मौका नहीं गवां रही है। बच्चे भी होली के त्योहार को लेकर उत्साहित हैं।
रंगों का पर्व होली 10 मार्च को मनाया जाएगा। त्योहार करीब आते ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ लगनी शुरू हो गई है। किराना, कपड़ा, पादुका, रंग विक्रेताओं के यहां लोगों की भीड़ अधिक होने लगी है। सामान की बिक्री बढ़ने से व्यापारियों में उत्साह देखा जा रहा है। होली पर्व पर नए परिधान धारण करने की परंपरा के चलते वस्त्र विक्रेताओं, रेडीमेड दुकानदारों व टेलरों के यहां भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
होली के मद्देनजर कपड़े की दुकानों पर पुरुष सफेद कुर्ता-पाजामा और महिलाएं डिजायनर साड़ी व कॉटन सूट पसंद कर रही हैं। हर साल की तरह इस बार भी लोग त्योहार को लेकर खूब खरीददारी कर रहे हैं। इस बार लोग हर्बल कलर को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं।
किराने की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ दिखनी शुरू हो गई है। महिलाएं मैदा, चीनी, ड्राई-फ्रूट्स व चिप्स-पापड़ आदि की जमकर खरीददारी कर रही हैं। बच्चे अपनी मनपसंद पिचकारी खरीदकर निहाल हो रहे हैं। सबसे अधिक बिक्री मोदी मुखौटा पिचकारी की हो रही है।