अमेठी। निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न देने से नाराज कई कार्डधारकों ने मंगलवार को तहसील पहुंच कर जमकर हंगामा किया। कार्डधारकों का आरोप था कि कोटेदार घटतौली के साथ ही निर्धारित से अधिक मूल्य वसूलता है। इसका विरोध करने पर अभद्रता भी करता है। कार्डधारकों की शिकायत पर एसडीएम ने तत्काल आपूर्ति निरीक्षक को गांव जाकर मामले की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
विकास खंड संग्रामपुर की ग्राम पंचायत बडग़ांव के कोटेदार राम सेवक के खिलाफ कार्डधारक उस समय भड़क गए जब मंगलवार को कोटेदार ने खाद्यान्न वितरण के समय उन्हें निर्धारित मात्रा 35 किग्रा से कम राशन दिया। कुछ कार्डधारकों ने कोटेदार के यहां से मिले राशन की बाजार में जाकर तौल की तो वह कम निकला। इस पर जब कार्डधारक वापस कोटेदार के यहां पहुंचे तो खाद्यान्न लेने आए अन्य कार्डधारकों को इसकी जानकारी मिली। देखते ही देखते करीब सौ से ज्यादा कार्डधारक एकत्र हो गए।