प्रदर्शन करते आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। जयसिंहपुर क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त कराने की मांग को लेकर मंगलवार को आम आदमी पार्टी की छात्र विंग (सीवाईएसएस) ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। सड़कों की मरम्मत नहीं कराए जाने पर अनशन करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि मोतिगरपुर बाजार से दोस्तपुर को जाने वाली सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इस सड़क पर 40 से 50 गांव के लोगों की आवाजाही होती है। सड़क टूटी-फूटी होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पूर्व में भी ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों को खस्ताहाल सड़क के बारे में अवगत कराया गया था। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। मुइली से टांडा-अकबरपुर संपर्क मार्ग और बगिया चौराहे से बिरसिंहपुर संपर्क मार्ग पर राहगीरों को यात्रा करने में खासी परेशानी उठानी पड़ती है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिए मिट्टी ढुलाई की वजह से सड़कें खराब हो गई हैं।
आम आदमी पार्टी की छात्र विंग के प्रदेश अध्यक्ष वंशराज दुबे ने कहा कि जल्द ही मांगों पर प्रशासन कार्रवाई नहीं करता तो अनशन किया जाएगा। प्रदर्शन में विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष शोभनाथ यादव, जिला उपाध्यक्ष रामनायक तिवारी, सचिव बृजेश सिंह, मोहम्मद अजीज, मंडल अध्यक्ष कुश यादव, उपाध्यक्ष सौरभ मिश्र, दिलीप यादव, गुरुदीन रामफेर समेत कई लोग शामिल रहे।