गन्ना जलाकर प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। जिले का गन्ना बाराबंकी के हैदरगढ़ चीनी मिल भेजे जाने की व्यवस्था के खिलाफ मंगलवार को किसान भड़क गए। किसानों ने जिला पंचायत गेट के सामने गन्ना जलाकर प्रदर्शन किया और जिला गन्ना अधिकारी के खिलाफ नारे लगाए। संगठन ने कहा कि किसी भी कीमत पर जिले का गन्ना हैदरगढ़ चीनी मिल पर नहीं जाने देंगे।
जिला पंचायत परिसर में स्थित गन्ना कार्यालय के सामने चल रहा राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का धरना-प्रदर्शन मंगलवार को तेज हो गया। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष रामप्यारे वर्मा व मंडल अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह गुड्डू की अगुवाई में किसानों ने धरना स्थल पर ही गन्ना जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि किसी भी कीमत पर जिले का गन्ना बाहर नहीं जाने देंगे। इसके लिए रेल रोको आंदोलन भी करना पड़ा तो पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल किसानों ने जिला गन्ना अधिकारी के खिलाफ नारे भी लगाए। प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष रामप्यारे वर्मा की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया।