कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। फाफामऊ की घटना के विरोध में रविवार को आम आदमी पार्टी सड़क पर उतर आई। पार्टी कार्यालय से जुलूस की शक्ल में निकले कार्यकर्ताओं ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को दिया।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री डॉ. संदीप शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में न महिलाएं सुरक्षित है और न ही आम जनता। लखीमपुर खीरी कांड हो, हाथरस की घटना हो या फिर प्रयागराज के फाफामऊ की घटना, हर जगह सरकार की किरकिरी हो रही है। यही नहीं जिले के कादीपुर में किसान नेता राम आशीष वर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। पार्टी कार्यालय पर बैठक के बाद जुलूस की शक्ल में पदाधिकारी व कार्यकर्ता सड़क पर प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को दिया गया।