सुल्तानपुर। जन समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर शनिवार को व्यापारियों ने जयसिंहपुर तहसील क्षेत्र के मुइली चौराहे पर प्रदर्शन किया। इसके बाद व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को समस्याओं से संबंधित चार सूत्री ज्ञापन सौंपा। विधायक ने समस्याएं दूर कराने का भरोसा दिलाया।
जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला प्रभारी बाबा संदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में जन समस्याओं को लेकर मुइली चौराहे पर प्रदर्शन हुआ। इसके बाद व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक सीताराम वर्मा को चार सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बगिया चौराहा पीढ़ी-रोड पर नाले का निर्माण झील तक कराने, मियागंज बाजार में विद्युत पोल की समस्या दूर कराने, बगिया चौराहे पर खराब मरकरी लाइट ठीक कराने और सुलभ प्रसाधन बनवाने की मंाग की। विधायक ने व्यापारियों की समस्याएं जल्द दूर कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष विजय यादव, रितेश कसौंधन, सियाराम सोनी, अमन यादव, पंकज अग्रहरि, संगम लाल गुप्ता, विपिन कुमार, विजेंद्र कुमार समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।