सुल्तानपुर। नगर पालिका परिषद की ओर से चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने गल्ला मंडी बंद रखी। जानकारी पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक ने व्यापारियों को मदद का भरोसा दिलाया।
नगर पालिका की ओर से बुधवार को एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान में गल्ला मंडी के व्यापारियों को निशाना बनाया गया। एक व्यापारी का चालान किया गया जबकि दूसरे का कांटा व तराजू पालिका कर्मी उठा ले गए। इसके विरोध में बृहस्पतिवार को गल्ला मंडी के व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं। व्यापारियों ने इस समस्या से निजात दिलाए जाने के लिए सपा के पूर्व विधायक अनूप संडा से वार्ता की।
पूर्व विधायक ने व्यापारियों की लड़ाई में उनका पूरा साथ देने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष विष्णु कुमार अग्रहरि, चंद्र प्रकाश अग्रवाल, सागर अग्रहरि, प्रदीप कुमार समेत कई व्यापारी मौजूद रहे। नगर पालिका परिषद के ईओ श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि अतिक्रमण की वजह से कांटा बाट उठा लाया गया था। संबंधित व्यक्ति पर 15 सौ रुपये का जुर्माना कर उसका सामान वापस कर दिया गया है।