सुल्तानपुर। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव को प्रतिबंधित किए जाने के विरोध में मंगलवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के लोग सड़क पर उतर पड़े। मुंह पर काली पट्टी बांधकर पदाधिकारी एवं सदस्यों ने प्रदर्शन किया। संगठन ने छात्र संघ चुनाव कराए जाने तक संघर्ष जारी करने का निर्णय लिया है।
एसएफआई के प्रदेश अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह ने कहा कि छात्र संघ छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है। मौजूदा केंद्र सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन ने 96 साल पुराना छात्र संघ भंग करके विश्वविद्यालय में लोकतंत्र की हत्या की है।
छात्र संघ चुनाव केवल छात्र-छात्राओं का नहीं, बल्कि पूरे देश का है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस सरकार ने किसी भी विश्वविद्यालय को नहीं छोड़ा। जेएनयू, एएमयू, एयू समेत सभी शिक्षण संस्थानों पर बारी-बारी से हमला किया।
जिला सचिव राजीव तिवारी और जिला उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार छात्र संघ को रोककर छात्र परिषद लाने की बात कर रही है। छात्र परिषद का चुनाव छात्रों की ओर से नहीं किया जाता। यह केवल कागजी खानापूर्ति के लिए बनाई जाती है।