सुल्तानपुर। करौंदीकलां से गुदरा घाट को जाने वाली पांच किमी लंबी सड़क पर बहाउद्दीनपुर नाले पर बनी पुलिया वर्ष 2019 की बरसात में टूटकर बह गई थी। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पुलिया बनवाने के लिए लगातार प्रयास किया।
विधायक राजेश गौतम ने इस संबंध में आशय का पत्र भी शासन को लिखा। हालांकि इस टूटी पुलिया के पास से एक वैकल्पिक रास्ता बनाया गया है लेकिन बरसात के समय नाले में पानी हो जाने से मार्ग पूरी तरह से बंद हो जाता है। पुलिया निर्माण के लिए 54 लाख रुपये का बजट लोक निर्माण विभाग अयोध्या की ओर से स्वीकृत कर 30 सितंबर 2020 को शासन को भेज दिया गया था। बावजूद इसके अभी तक स्थिति जस की तस है। लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाई गई इस सड़क से गुदरा, उम्मरपुर, पटना, फिरिहरी गांव के लोगों की नियमित आवाजाही होती है, जो पुलिया के टूटने से प्रभावित हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पुलिया बनवाए जाने की मांग की है।