सुल्तानपुर। राजीव गांधी पॉलीटेक्निक के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र और वेतन पर्चियां तैयार कर एसबीआई से 6.40 करोड़ रुपये का ऋण हासिल करने के मामले में आरोपी प्रधानाचार्य को अदालत से राहत नहीं मिली। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संध्या चौधरी ने प्रधानाचार्य देवेंद्र प्रसाद शुक्ल की अग्रिम जमानत याचिका बृहस्पतिवार को खारिज कर दी। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरफ्तारी से संरक्षण देने से इन्कार कर दिया।
बचाव पक्ष की ओर से गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए अग्रिम जमानत की मांग की गई थी। बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपों को गंभीर बताते हुए जमानत अर्जी का विरोध किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आदेश सुरक्षित रख लिया था। बृहस्पतिवार को जारी आदेश में अदालत ने याचिका निरस्त कर दी। अमेठी जिले के मुसाफिरखाना स्थित राजीव गांधी पॉलीटेक्निक के मुख्य प्रबंधक राहुल सिंह ने 18 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि अंकित शुक्ला, पुष्पा देवी, अमित द्विवेदी, भवानी द्विवेदी, रामादेवी और प्रधानाचार्य देवेंद्र प्रसाद शुक्ल समेत अन्य लोगों ने संस्था के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र और वेतन पर्चियां तैयार कीं। इनके आधार पर एसबीआई से 6.40 करोड़ रुपये का एक्सप्रेस क्रेडिट ऋण हासिल किया गया। मामले में इससे पहले भी कई आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं।