सुल्तानपुर। भीषण गर्मी में शहर से लेकर गांवों तक हो रही बिजली की अघोषित कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सोमवार की रात व मंगलवार को दिनभर तार टूटने, केबल जलने, जंपर कटने जैसे फॉल्ट के नाम पर कटौती की गई। गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विभाग छह महीने से तैयारी कर रहा था।
सोमवार रात शहर के निरालानगर, विवेकनगर, बढ़ैयावीर, सिरवारा मार्ग, नयानगर, सिविल लाइन, चौक, करौंदिया, दरियापुर, घरहा खुर्द, नवीपुर, शास्त्रीनगर में रात भर कटौती जा रही। रात के समय बिजली कटौती होने से लोग परेशान हैं। पंखे, कूलर और एयर कंडीशनर बंद होने से घरों में उसम व गर्मी असहनीय हो गई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग की ओर से कटौती का कोई निश्चित समय व कारण नहीं बताया जा रहा है।
शहर के चौक, खैराबाद, निरालानगर, विवकेनगर आदि मोहल्लों में पानी की आपूर्ति भी बाधित होने लगी है। बिजली न होने से मोटर पंप नहीं चल पा रहे हैं। छोटे कारोबारियों और दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। बच्चों को ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होने में दिक्कत आ रही है।
हाईवे पर जलकर गिरा केबल, रात भर ठप रही आपूर्ति
पयागीपुर। अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर विंध्यवासिनी में सोमवार की रात 1:30 बजे केबल जलकर सड़क पर गिर गया। इससे काफी देर तक मार्ग के दोनों तरफ जाम लगा रहा। सूचना के बाद पहुंची विद्युत निगम की टीम ने केबल हटाया तो आवागमन बहाल हुआ। रात भर एक हजार की आबादी प्रभावित रही। मंगलवार को भी दोपहर तीन बजे आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
चार दिन से 20 घरों में बिजली नहीं
बंधुआकला। असरोगा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांव पूरे हरमंगल ऊंचगांव में एचटी विद्युत लाइन के दो खंभे और तार टूटने से करीब 20 घरों की बिजली आपूर्ति चार दिनों से ठप पड़ी है। तेज हवा और जर्जर लाइन के चलते चार दिन पहले गांव के पास खंभे टूट थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विद्युत विभाग के कर्मचारियों को सूचना दी गई, लेकिन लाइन दुरुस्त नहीं कराई जा सकी। जेई विजय तिवारी ने बताया कि टूटे खंभों और तार के उपलब्ध होते ही लाइन को सही कराकर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
बिजली की खपत से बढ़ी समस्या
अधिक बिजली की खपत से ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड हो रहे हैं। केबल व तार भी इसी से कट जा रहा है। इससे बिजली कटौती हो रही है। सूचना मिलते ही फाॅल्ट ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कराई जा रही है।
अश्वनी कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता