बहलोलपुर में वन विभाग के प्रवर्तन दल की ओर से पकड़ी गई प्रतिबंधित लकड़ी। स्रोत-ग्रामीण
बंधुआकला। कुड़वार के बहलोलपुर गांव में मंगलवार शाम वन विभाग के प्रवर्तन दल ने अवैध कटान के खिलाफ कार्रवाई की। विभाग को सूचना मिली थी कि करम अली और वाहिद ठेकेदार महुआ के हरे पेड़ कटवा रहे हैं। टीम शाम पांच बजे मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान काटा गया महुआ का पेड़ और लकड़ी लदी ट्रॉली बरामद हुई, जिसे टीम ने तत्काल सीज कर दिया।
अधिकारियों ने संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध कटान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई होगी। प्रवर्तन दल में प्रभागीय वनाधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव, धीरेंद्र कुमार यादव और वन दरोगा शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए अभियान आगे जारी रहेगा। संवाद