बजेठी गांव में फुंका ट्रांसफार्मर। स्रोत- ग्रामीण
करौंदीकला। नरायनपुर नागनाथपुर विद्युत उपकेंद्र में फाॅल्ट ने रविवार शाम करीब एक लाख लोगों की मुश्किल बढ़ा दी। चार फीडरों की आपूर्ति ठप होने से 35 गांवों में करीब 18 घंटे तक बिजली नहीं आई। उमसभरी गर्मी में लोग पूरी रात पंखे और कूलर के बिना बेहाल रहे। सोमवार सुबह 10:35 बजे आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
रविवार शाम करीब पांच बजे उपकेंद्र की एचटी लाइन में फाॅल्ट आ गया। इसके साथ ही गंगापुर, सकरदे, रवनिया और बहाउद्दीनपुर फीडर बंद हो गए। इन फीडरों से जुड़े सकरदे, बहाउद्दीनपुर, गुदरा, कटघर पूरे चौहान, बूढ़ापुर, हिंदुआबाद, बांगरखुर्द, विष्णु गोपालपुर, मूसेपुर और चतुर्भुजपुर समेत करीब 35 गांव अंधेरे में डूब गए।
रातभर बिजली न आने से घरों में पंखे-कूलर बंद रहे। उमस के बीच बच्चे, बुजुर्ग और बीमार परेशान रहे। मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कामकाज भी प्रभावित हुआ। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि रात में आपूर्ति बहाल हो जाएगी, लेकिन सुबह तक इंतजार करना पड़ा।
अवर अभियंता मनोज शर्मा ने बताया कि 33 केवी में फाॅल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी। फाॅल्ट तलाशकर मरम्मत कराने के बाद सोमवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।