दूबेपुर। टीपीनगर उपकेंद्र के कांशीराम फीडर की हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से बुधवार को नौ घंटे तक दूबेपुर गांव की बिजली गुल रही। जिससे सैकड़ों उपभोक्ताओं को गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ब्लाॅक संसाधन केंद्र (बीआरसी) के पास मंगलवार देर रात 2.35 बजे शार्ट-सर्किट से हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से कांशीराम फीडर का संचालन बाधित हो गया। तार टूटने से दूबेपुर, बहलोलपुर, महायतपुर, दिखौली व पूरे मितई (अमहट) समेत कई गांवों की बिजली तकरीबन नौ घंटे तक ठप रही। जेई प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि क्षतिग्रस्त तारों को जोड़कर बुधवार सुबह 11.09 बजे काशीराम फीडर का संचालन सामान्य किया गया। वहीं, महुअरिया में मौला बाबा की मजार के पास बुधवार सुबह करीब सात बजे एचटी लाइन का जर्जर तार टूटने से लगभग एक घंटे तक मोहल्ले में बिजली आपूर्ति बंद रही। पकड़ी उपकेंद्र के बालमपुर व भाईं फीडरों का संचालन ब्रेकडाउन के चलते मंगलवार रात 3.15 से बुधवार को सुबह 9.02 बजे तक बंद रहा। इस दौरान इन फीडरों से जुड़े प्रतापगंज, उगईपुर, बीसापुर, लखनपुर, बहरौली, देहली मुबारकपुर, लौहर दक्षिण, कतकौली, गौहानी, लोदीपुर अलहदादपुर, कुतुबपुर, काशीराम का पुरवा, भाईं व बालमपुर सहित कई अन्य गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप रही।
सात घंटे ठप रही आपूर्ति
धम्मौर। स्थानीय विद्युत उपकेंद्र से संचालित कूड़धाम व बनकेपुर फीडर की बिजली आपूर्ति मंगलवार देर रात करीब दो बजे अचानक ठप हो गई। बूंदाबांदी और तेज हवा के चलते हाईटेंशन लाइन में आए फाॅल्ट के कारण करीब सात घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। सुबह बिजली न होने से लोगों को पानी का संकट रहा। अवर अभियंता सचिन यादव ने बताया कि हाईटेंशन लाइन में फाॅल्ट आने से आपूर्ति बाधित हुई थी।