सुल्तानपुर। भाजपा ने बजट की सराहना करते हुए आम जनोपयोगी और विकास का आधार बताया। वहीं, विपक्षी पार्टियों ने इसे झुनझुना करार दिया। कांग्रेस ने बजट को धोखा बताया तो सपा ने उद्योगपतियों का बजट कहा।....
बजट विकसित व आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप
भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि बजट विकसित व आत्मनिर्भर प्रदेश बनाने का रोड मैप है। यह बजट गरीब, अन्नदाता, किसान, युवा और महिला उत्थान को समर्पित है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बिजली, इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक व ग्रामीण विकास पर विशेष फोकस किया गया है। इसमें 10 लाख युवाओं को रोजगार देने का प्रावधान है। व्याज मुक्त लोन से प्रदेश का युवा सशक्त व आत्मनिर्भर होगा।-सुशील त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष भाजपा
.........
आम लोगों के लिए बजट छलावा
प्रदेश सरकार का यह बजट आम लोगों के साथ छलावा है। प्रदेश में व्यापारियों का एक बड़ा समूह है जिसके लिए कोई ध्यान नहीं दिया गया है। आए दिन व्यापारियों के साथ घटनाएं होती हैं इनकी सुरक्षा को लेकर सरकार के पास कोई बजट नहीं है। युवा वर्ग को छलने का काम किया गया है। योजनाएं तो चलाई जा रही हैं, लेकिन ऋण देने के लिए सरकार के पास बजट ही नहीं रहता है।-रघुवीर यादव, जिलाध्यक्ष सपा
..........................................................
युवाओं व मजदूरों के साथ धोखा
बजट में किसी भी वर्ग का ध्यान नहीं रखा गया है। सरकार ने युवाओं,किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों को बजट के नाम पर झुनझुना पकड़ाया है, धोखा दिया है। इस बजट से लोग आस लगाए बैठे थे कि सरकार आम जन के हित में कोई काम करके देगी और योजनाओं को सुगम बनाएगी, लेकिन सरकार ने बजट में आम लोगों के लिए कोई प्रावधान नहीं किया। बजट तो भारी-भरकम है, लेकिन धन का इंतजाम कहां से होगा, इसका कोई रोडमैप नहीं है।-अभिषेक सिंह राणा, जिलाध्यक्ष कांग्रेस