सुल्तानपुर। गैंगरेप के मामले में अभियुक्तों को क्लीन चिट देने वाली पुलिस की फाइनल रिपोर्ट को कोर्ट ने रद्द कर दिया। एसीजेएम प्रथम बटेश्वर कुमार ने चारों नामजद अभियुक्तों को विचारण के लिए तलब कर समन जारी करने का आदेश दिया है।
धम्मौर थाने के एक गांव की युवती के साथ गांव के ही चार अभियुक्तों ने 16 जनवरी 2021 को गैंगरेप किया था। पीड़ित युवती की तहरीर पर आरोपियों पवन कुमार, राज कुमार, सत्य प्रकाश व यज्ञ नरायन के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी कर अभियुुक्तों को क्लीन चिट देते हुए फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। इसे पीड़िता ने कोर्ट में प्रोटेस्ट अर्जी देकर चुनौती दी थी। पीड़िता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता अशोक शुक्ल ने कहा कि विवेचक ने मामले की निष्पक्ष विवेचना नहीं की है।
एसीजेएम प्रथम बटेश्वर कुमार ने अभियुक्तों को क्लीन चिट देने वाली पुलिस की फाइनल रिपोर्ट रद कर दी है। कोर्ट ने चारों अभियुक्तों को विचारण के लिए तलब कर समन जारी करने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई नौ सितंबर को होगी।