अलीगंज के जूनियर हाईस्कूल बबुरी में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाते विद्यार्थी।
सुल्तानपुर। स्टेडियम में हैंडबॉल का प्रशिक्षण लेने वाले बालक-बालिका खिलाड़ियों की संख्या बढ़ गई है, पहले यह संख्या करीब 20 थी। कोच की देखरेख में खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। मौजूदा समय में 42 से अधिक खिलाड़ी नियमित खेल की बारीकियां सीखकर कॅरिअर बनाने में लगे हैं। पिछले दो दशक में जिले के कई हैंडबॉल खिलाड़ी अपना नाम रोशन कर चुके हैं।
पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में हैंडबॉल के खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन कराकर अभ्यास कराया जा रहा है। हैंडबॉल प्रशिक्षक प्रवीन मिश्रा ने बताया कि मौजूदा समय में 32 बालक व 12 बालिका खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। बताया कि हैंडबॉल ऐसा खेल है जो कॅरिअर के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस में सुधार लाता है। इस खेल से मांसपेशियों को मजबूत करने में मदद मिलती है। इसमें गेंद को पकड़ना, फेंकना, दौड़ना व कूदना शामिल है। इससे कुशलता और कौशल में सुधार लाने में मदद मिलती है।
इनसेट
इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया जिले का नाम
जिला क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार सोनकर ने बताया कि निहाल जायसवाल 2016 से लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। मौजूदा समय में खेल कोटे से उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन होकर सेवाएं दे रहे हैं। इसी प्रकार सुमित गौड़, शुभम चौहान, जयसिंह, रीतेश, विजय नारायन राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अलग-अलग जगह भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के हाॅस्टल में रहकर अभ्यास कर रहे हैं। जिले के आनंद पांडेय, अफसार अहमद, कृष्ण कुमार, चंद्र दत्त उपाध्याय अलग-अलग सेनाओं में सेवाएं दे रहे हैं।