सुल्तानपुर। निर्बाध जलापूर्ति के लिए अमृत योजना के तहत शहर में नगर पालिका नई पाइपलाइन बिछाकर जलापूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ करेगी। इसके लिए शासन ने 63.37 लाख रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है।
नगर पालिका की ओर से मौनी मंदिर से हाइडिल गेट तक लगभग एक किमी की दूरी में 200 मिमी गेज की नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
इसके बाद उसकी टेस्टिंग कर घरों को कनेक्शन भी दिए जाएंगे, जिससे करीब 10 हजार लोगों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिल सकेगी। नगर पालिका ने इस योजना के लिए शासन को 63.37 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। अधिकारियों के अनुसार पुरानी पाइप लाइन के कारण कई घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पा रहा था। स्थानीय निवासी राम नरेश, कुलभूषण, परेश शर्मा और रोहित ने बताया कि अमृत योजना के तहत हुए कार्यों में कई कमियां रह गई थीं। आज भी शहर के कई मोहल्लों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। नगर पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही कार्य धरातल पर दिखाई देगा। अधिशासी अधिकारी लालचंद्र सरोज ने बताया कि पाइपलाइन विस्तार के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कार्य शुरू होने के बाद संबंधित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।