दुर्घटना के बाद कूरेभार सीएचसी में लगी ग्रामीणों की भीड़। स्रोत-ग्रामीण
कूरेभार। अयोध्या–प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुप्तारगंज बाजार में मंगलवार शाम छह बजे सुल्तानपुर से बाइक से गांव जा रहे सेउर चमुरखा निवासी जिगर (22), कैफ (25) व शिव पल्टन का पुरवा निवासी सुमित यादव (25) से पीछे से जा रही तेज रफ्तार पिकअप टकरा गई। दुर्घटना में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से कूरेभार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सक ने सुमित यादव को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक ने कैफ व जिगर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। बाइक कौन चला रहा था। इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन तीनों में किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना के बाद पिकअप लेकर चालक भाग निकला। कूरेभार थानाध्यक्ष विजयंत मिश्र ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। (संवाद)