चलती ट्रेन में चढ़ रहे एक बुजुर्ग यात्री का अचानक पैर फिसल गया। इससे उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय स्थित शहर के मोहल्ला विवेक नगर निवासी रघुवीर सिंह (65) किसी काम से लखनऊ गए थे।
बुधवार को वह लखनऊ से वाराणसी जाने वाली टू-वीपीएल पैसेंजर से वापस प्रतापगढ़ जा रहे थे। करीब पांच घंटा विलंब से चलने के कारण ट्रेन रात करीब नौ बजे स्थानीय स्टेशन पर पहुंची। ट्रेन खड़ी होने के बाद वे ट्रेन से नीचे उतर पड़े। ट्रेन चलने लगी तो फिर चढ़ने की कोशिश की।
इसी दौरान पांव फिसलने से वे ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत को गई। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने इसकी सूचना जीआरपी प्रतापगढ़ को दी। जीआरपी एसओ विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया।