भगवान बुद्ध की अष्टधातु की मूर्ति।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
दोमुंहा नदी में बुधवार सुबह मछली पकड़ते समय ग्रामीणों के जाल में एक अष्टधातु की भगवान बुद्ध की प्रतिमा फंस गई। ग्रामीणों ने प्रतिमा को पुलिस की सुपुर्दगी में दिया है। पुलिस के मुताबिक नदी से मिली प्रतिमा की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये है। प्रतिमा को जांच के लिए भेजा जाएगा।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के तकिया व बंगलवा सोनारी निवासी रमेश वर्मा, सुरेश वर्मा, संदीप, भजन बुधवार सुबह करीब 10 बजे क्षेत्र के दोमुंहा नदी में मछली पकड़ने गए थे। मछली पकड़ते समय नदी में डाले गए जाल में एक गौतम बुद्ध की प्रतिमा हाथ लग गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने गौतम बुद्ध की प्रतिमा को सौंप दिया। इस बाबत एसओ जगदीश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया प्रतिमा अष्टधातु की प्रतीत हो रही है। इसे जांच के लिए बाहर भेजा जाएगा। मामले से पुलिस के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।