सुल्तानपुर। मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग की तीसरे व चौथे तल में सोमवार की रात से ही पानी आपूर्ति बंद हो गई। सुबह वाशरूम और बेसिन की टोटी में पानी नहीं आने से मरीज और तीमारदार भटकते रहे।
मुसाफिरखाना के शोभित शर्मा की मां शांति देवी तीसरे तल पर बेड संख्या 319 पर भर्ती हैं। शोभित ने बताया कि सुबह टॉयलेट के लिए पानी नहीं मिला तो बाहर से पानी लाकर काम चलाया गया। बेड संख्या 321 पर भर्ती लंभुआ निवासी शिव भूषण बरनवाल के बेटे देव कुमार बरनवाल ने बताया कि पानी न आने से लोग घंटों भटके, ड्यूटी पर आने वाले स्टाफ से बताया गया, फिर भी राहत नहीं मिली।
बाहर से दो बोतल पानी लेकर आया तो प्यास बुझी। धनपतगंज के फतेपुर निवासी मनोरमा देवी बेड संख्या 320 पर भर्ती थीं, उनके बेटे अभिषेक कुमार ने बताया कि पानी न आने के कारण वह टॉयलेट के लिए अपनी मां को लिफ्ट से लेकर ग्राउंड फ्लोर पर गया, तब जाकर राहत मिली। बताया कि करीब 11:20 बजे एक बार 20 मिनट के लिए पानी आया था, उसके बाद फिर दिन भर पानी नहीं आया।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस आरके मिश्रा ने बताया कि सुबह पानी न आने की शिकायत मिली थी, तकनीकी दिक्कत दूर करवाकर आपूर्ति बहाल करा दी गई थी।