सुल्तानपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग के चौथे तल पर वार्ड में भर्ती एक बुजुर्ग मरीज अपने बेड से शुक्रवार देर रात रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बुजुर्ग का पता नहीं चल सका। सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। इसके बाद कोतवाली नगर में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया गया है।
चांदा के अरजो महारानी पश्चिम निवासी हरिकेश गुप्ता के मुताबिक, गत आठ अक्तूबर को उनके पिता विश्राम गुप्ता (65) को अचानक चक्कर आया। इसके बाद लगातार उन्हें कई बार चक्कर आया। हालत गंभीर होने पर उन्होंने अपने पिता को नौ अक्तूबर की सुबह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इमरजेंसी में दिखाने के बाद उनके पिता को नई बिल्डिंग के चौथे फ्लोर पर स्थित मेडिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया। हरिकेश के अनुसार, उनके पिता विश्राम गुप्ता शुक्रवार रात करीब दो बजे अचानक अपने बेड से लापता हो गए। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन व परिजनों ने मरीज के लापता होने की सूचना कोतवाली नगर में दी है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की जा रही है। इस संबंध में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि गुमशुदगी का केस दर्ज कर विश्राम गुप्ता की खोजबीन की जा रही है।