सुल्तानपुर। पंचायत चुनाव में चार रंग के मतपत्र प्रयोग में लाए जाएंगे। सभी पदों के लिए अलग-अलग रंग होने से मतदाताओं को उसे पहचानने में आसानी होगी। वोटरों की समस्या को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने रंगों का निर्धारण किया है।
पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी, ग्राम प्रधान के लिए हरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीला और ग्राम पंचायत सदस्य पद का मतपत्र सफेद होगा। एक मतदाता को एक बार में मतदान के लिए दो मतपत्र दिया जाएगा। इससे मतदाताओं को मतदान करने व पहचान में दिक्कतें नहीं आएंगी।
निर्वाचन आयोग ने पदों के हिसाब से दिल्ली की एक प्रकाशन कंपनी को मतपत्र छापने के निर्देश दिए थे। आयोग के निर्देश पर चारों पदों के लिए आवंटित 85.57 लाख मतपत्र लाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी कुमार हर्ष की ओर से गठित टीम बृहस्पतिवार को दिल्ली रवाना हो गई है।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ल ने बताया कि कड़ी सुरक्षा में मतपत्र लाए जाएंगे। जिले में उसे कड़ी सुरक्षा में रखा जाएगा।