सुल्तानपुर। बढ़ी हुई मजदूरी की मांग को लेकर एक बार फिर नगर पालिका परिषद के ठेका सफाईकर्मी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए। सोमवार को काम बंद कर सफाई मजदूरों ने पालिका में धरना-प्रदर्शन किया। मानदेय नहीं बढ़ाए जाने तक कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।
नगर पालिका के ठेका सफाई कर्मचारी शासनादेश के मुताबिक ढाई सौ रुपये प्रति दिन के हिसाब से मानदेय की मांग कर रहे हैं। करीब पखवारे भर पहले इसी मांग को लेकर मजदूरों ने कार्य बहिष्कार किया था। बाद में आश्वासन पर सफाई मजदूर काम पर वापस लौटे थे। नए ठेकेदार की ओर से सफाई मजदूरों को बढ़ी हुई मजदूरी नहीं दी जा रही है। इसे लेकर सोमवार से फिर से ठेका सफाई मजदूर कार्य बहिष्कार पर चले गए।
पालिका परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। ठेका सफाई मजदूरों ने पालिकाध्यक्ष को मांग पत्र देकर शासनादेश के मुताबिक न्यूनतम ढाई सौ रुपये प्रति दिन के हिसाब से मजदूरी का भुगतान कराने की मांग की है। वहीं, रमजान के महीने में सफाई मजदूरों के कार्य बहिष्कार पर जाने से पालिका के सामने परेशानी पैदा हो गई है।