सुल्तानपुर। नगर पालिका की ओर से दरियापुर में की जा रही नाले की खुदाई के दौरान 33 हजार वोल्ट की केबल कटने से रविवार की रात डाकखाना उपकेंद्र बंद हो गया। रात में उपकेंद्र बंद होने से शहर के प्रमुख मोहल्लों में बिजली को लेकर हायतौबा मच गई। सूचना पर पहुंचे इंजीनियरों एवं कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद भी रात में फॉल्ट दूर नहीं हो सका। रात भर आपूर्ति बंद रहने से डाकखाना उपकेंद्र से जुड़ी करीब 50 हजार की आबादी उमस भरी गर्मी से परेशान रही।
शहर में दरियापुर के पास नगर पालिका की ओर से कराई जा रही नाले की खुदाई के दौरान रविवार की रात डाकखाना उपकेंद्र की मुख्य लाइन का केबल कट गया। केबल कटते ही डाकखाना उपकेंद्र बंद हो गया। अचानक शहर का मुख्य सब स्टेशन बंद होते ही इंजीनियरों में खलबली मच गई। रात करीब 10 बजे भीषण उमस के बीच आपूर्ति बाधित होते ही उपभोक्ताओं के फोन घनघनाने लगे। लोगों का दबाव बढ़ता देख इंजीनियर कर्मियों को साथ लेकर फॉल्ट ढूंढने में जुट गए। कई घंटे की मशक्कत के बाद भी कर्मियों को फॉल्ट नहीं मिला। रात करीब तीन बजे खोदे गए नाले के पास डाकखाना उपकेेंद्र के लिए खींचा गया वैकल्पिक केबल कटा पाया गया।
करीब दो घंटे में विद्युत कर्मियों ने केबल को जोड़कर पंाच बजे तड़के आपूर्ति बहाल की। रात करीब 10 बजे से तड़के पांच बजे तक लगातार सात घंटे डाकखाना उपकेेंद्र बंद रहने से शहर की 50 हजार आबादी परेशान रही। भीषण उमस बीच के बीच लोगाें की नींद पूरी नहीं हो सकी। तड़के आपूर्ति बहाल होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ एके सिंह ने बताया कि पांच बजे तड़के केबल को जोड़कर डाकखाना उपकेंद्र से आपूर्ति बहाल कर दी गई। भरपाई के लिए दिन में रोस्टिंग के दौरान कटौती नहीं की गई।