लोहरामऊ ओवरब्रिज से गुजरते वाहन।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर स्थित लोहरामऊ ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त हिस्से की तीन दिन बाद भी मरम्मत नहीं शुरू हो सकी है। क्षतिग्रस्त भाग को ठीक करने के बजाय उसी रास्ते से यातायात बहाल कर दिया है।
शहर से सटे लोहरामऊ ओवरब्रिज के उत्तरी छोर पर पिलर के पास कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर धंस गया है। पिछले दिनों इसकी जानकारी होने पर डीएम ने पुलिस लगाकर हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। रूट डायवर्जन कर दिया गया। सेतु निगम और एनएचआई को जल्द इसकी मरम्मत को कहा गया था। अब पुलिस यहां से हट गई है। क्षतिग्रस्त भाग को ठीक करने के बजाय ओवरब्रिज से यातायात बहाल कर दिया गया है। एनएचआई की टीम ने पुल की टूटी जगह को बोरियों से बैरिकेड कर एकल रास्ते से वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया है। इससे जोखिम बना हुआ है। लोगों का कहना है कि पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराए बिना आवागमन बहाल करना खतरे से खाली नहीं है। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक गौरीशंकर पाल ने बताया कि प्रशासन की ओर से डायवर्जन हटाने पर पुलिस कर्मी ब्रिज से हटवा दिए गए हैं।