सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन कार्यालय से 1237 पीतल की मुहर (ब्रॉससील), कपड़े का थैला व 979 ग्राम पंचायतों की पुरानी मतदाता सूची गायब हो गई है। प्रकरण में प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी काे निर्वाचन आयोग ने संभल स्थानांतरित कर दिया है। उनके स्थानांतरण के बाद मामला सामने में आया है।
स्थानांतरित प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग के विभागाध्यक्ष को आठ सितंबर को इस संबंध में पत्र भेजा है। इसमें 1237 पीतल की मोहर, कपड़े का थैला व 979 ग्राम पंचायतों की भंडार में रखी गई वर्ष 2021 की मतदाता सूची की प्रति गायब होने का हवाला दिया है। इसकी प्रति संबंधित को दी है, जबकि प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी का स्थानांतरण आयोग ने चार सितंबर को ही कर दिया था। स्थानांतरण के बाद शिकायत भेजे जाने से मामला संदिग्ध बताया जा रहा है।
फिलहाल राजेश कुमार ने विभाग के ही दो कर्मचारियों पर आशंका जताई है। इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग के विभागाध्यक्ष डॉ. अखिलेश मिश्र ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है। प्रभारी का स्थानांतरण चार सितंबर को ही कर दिया गया था। स्थानांतरण के बाद मामला उजागर करने पर प्रभारी को ही दोषी माना जाएगा।