अधेड़ आर्थिक तंगी व अन्य कारणों से परेशान था, ऐसे में उसके खुदकुशी करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
मुंशीगंज थाने के पतरिया मजरे सराय बरबंड निवासी सुरेश मिश्र (50) पांच वर्ष से परिवार सहित गौरीगंज थाना क्षेत्र के बेलखौर गांव निवासी अपने साढ़ू राकेश कुमार मिश्र के घर में रहते थे। जीवन यापन के लिए सुरेश संयुक्त जिला चिकित्सालय के सामने चाय की दुकान करते थे।
सोमवार सुबह पूरे शिवदीन मजरे टिकरिया में जगदीशपुर-ढकवा मार्ग के किनारे बने राकेश मिश्र के कमरे से कुछ लोगों को दुर्गंध आती महसूस हुई। लोहे का दरवाजा खुला देखकर लोग अंदर गए तो वहां कमरे की छत से लगे हुक में सुरेश का शव लटका मिला। देखते ही देखते मौके पर भीड़ लग गई।
लोगों ने घटना की सूचना सुरेश के परिवार के साथ ही पुलिस को दी। इस पर सीओ अंशुमान मिश्र व प्रभारी निरीक्षक भरतराज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुरेश के आर्थिक तंगी से जूझने के साथ ही कुछ अन्य कारणों से परेशान थे।