बुधवार को व्हाटसअप ग्रुप पर भेजा गया फेक मैसेज
सुल्तानपुर। हैकरों के निशाने पर अब ग्राम पंचायतों के संचालित सरकारी बैंक खातों पर है। दो बार हैकरों ने ग्राम पंचायतों के सरकारी खाते को फर्जी मैसेज के जरिए लूटने की कोशिश की, लेकिन डीपीआरओ ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों बार डिलीट करा कर ग्रुप के सदस्यों को ऐसे लिंक से दूर रहने की सलाह दी।
पंचायतीराज विभाग के पंचायतीराज संघ के व्हाट्सएप ग्रुप पर बुधवार को पौने चार बजे से खाताधारकों को 7250 रुपये बोनस देने का मैसेज एसबीआई के नाम से आया। मैसेज आते ही संघ के पंचायत सचिवों में चर्चा शुरू हो गई। जांच में पता चला मैसेज फर्जी है। डीपीआरओ अभिषेक शुक्ल ने उसे तुरंत डिलीट कर दिया।
इसी तरह 12 जनवरी को रात 8:19 बजे पर पंचायतीराज के विभागीय ग्रुप पर एक पंचायत सचिव के मोबाइल नंबर से पहले एक मैसेज आया। इसके बाद मैसेज एसबीआई के नाम से सभी पंचायत सचिवों को ग्राम पंचायतों के सरकारी खाते की केवाईसी अपडेट कराने की सूचना ग्रुप पर प्रसारित होने लगी।
मैसेज देखकर कुछ पंचायत सचिव सकते में आ गए। जिला पंचायतराज अधिकारी ने ग्रुप देखा तो मैसेज फर्जी निकला। उन्होंने विभागीय ग्रुप से तुरंत मैसेज डिलीट करा दिया।
बैंक खाते बंद होने की फर्जी मैसेज में दी जानकारी
जिला पंचायतराज अधिकारी अभिषेक शुक्ल ने बताया कि रविवार को मोबाइल नंबर 9918865444 से एसबीआई के नाम फर्जी मैसेज आया। इसमें ईकेवाईसी नहीं कराने पर बैंक खाता बंद होने की चेतावनी दी गई थी। बुधवार को फिर पंचायतीराज संघ के ग्रुप पर ठगी का मैसेज आया। दोनों मैसेज तुरंत डिलीट करके सरकारी धनराशि बचा ली गई।