सुल्तानपुर। जिले में राशन कार्डधारकों को कोटे की दुकानों से राशन लेने के लिए अब रुपये देने पड़ेंगे। शासन ने कार्डधारकों को निशुल्क राशन देने के आदेश को आगे नहीं बढ़ाया है। इससे चार लाख, 44 हजार, 411 कार्डधारकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उधर, रोस्टर के मुताबिक राशन वितरित करने की व्यवस्था फेल हो गई है। जून के राशन का वितरण अगस्त में हो रहा है।
जिले में कोटे की 1,090 दुकानें हैं। इनमें से ग्रामीण क्षेत्र में 1,035 दुकानें और शहरी क्षेत्र में 55 दुकानें हैं। जिले में चार लाख, 44 हजार, 411 राशन कार्डधारक हैं। इनमें पात्र गृहस्थी योजना के तीन लाख, 64 हजार, 40 राशन कार्डधारक और अंत्योदय योजना के 80 हजार 371 राशन कार्डधारक शामिल हैं। कोटे की दुकानों से अंत्योदय योजना व पात्र गृहस्थी योजना के कार्डधारकों को प्रत्येक माह सस्ते दर पर राशन का वितरण होता है। कोटे की दुकानों पर राशन वितरण के लिए बाकायदा रोस्टर बनाया गया है।
वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान से शासन के निर्देश पर कार्डधारकों को प्रत्येक माह दो चरणों में निशुल्क राशन बांटा जाता है। पहले चरण में प्रत्येक माह पांच से 15 तारीख तक राशन का वितरित होता है। दूसरे चरण में प्रत्येक माह की 18 से 30 तारीख तक कार्डधारकों को राशन बांटा जाता है। बाद में शासन के आदेश पर कार्डधारकों को निशुल्क राशन देने के साथ ही एक किलोग्राम चना, रिफाइंड ऑयल व नमक भी वितरित किया जाना शुरू हो गया था।
पिछले कुछ दिनों से कोटे की दुकानों पर सही समय पर राशन न पहुंच पाने से रोस्टर के मुताबिक वितरण नहीं हो पा रहा है। हालत यह है कि जून के दूसरे चरण के राशन का वितरण अगस्त में कराया जा रहा है। आठ अगस्त से शुरू हुआ राशन वितरण 20 अगस्त तक चलेगा।
उधर, शासन की ओर से कार्डधारकों को पहले चरण का निशुल्क राशन देने का आदेश जून तक ही था। शासन की ओर से निशुल्क राशन देने के आदेश को आगे नहीं बढ़ाया गया है। इसके कारण अब कार्डधारकों को रुपया देकर ही राशन मिलेगा। इससे जिले के करीब चार लाख, 44 हजार, 411 कार्डधारकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पात्र गृहस्थी योजना के कार्डधारकों को यूनिट के हिसाब से राशन मिलता है। प्रत्येक यूनिट पर दो किलोग्राम चावल व तीन किलोग्राम गेहूं दिया जाता है। अंत्योदय योजना के कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम राशन मिलता है। इसमें गेहूं व चावल शामिल रहता है। गेहूं दो रुपये प्रति किलोग्राम और चावल तीन रुपये प्रति किलोग्राम की दर से दिया जाता है।
जिला आपूर्ति अधिकारी जीवेश कुमार मौर्य ने बताया कि कोटे की दुकानों पर समय से राशन न पहुंचने के कारण वितरण में विलंब हो रहा है। जून के राशन का वितरण आठ अगस्त से 20 अगस्त तक कराया जा रहा है। रोस्टर के मुताबिक राशन वितरण कराने का प्रयास चल रहा है।