सुल्तानपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां जिले भर में जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। हर साल की तरह इस बार भी शहर स्थित पुलिस लाइन में लोगों को अलग नजारा देखने को मिलेगा। जिला कारागार और पुलिस लाइन में मंदिर की साज-सज्जा तेजी से शुरू हो गई है। शुक्रवार को धूमधाम से जन्माष्टमी मनाई जाएगी।
रक्षाबंधन के बाद शहर समेत ग्रामीण अंचलों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भादो माह में कृष्ण पक्ष की अष्टमी की मध्यरात्रि अत्याचारी कंस का विनाश करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया था। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन मौके पर भगवान कान्हा की मोहक छवि देखने के लिए पुलिस लाइन में दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर पूरा पुलिस लाइन परिसर कृष्णमय हो जाता है। शुक्रवार को जन्माष्टमी के दिन महिला-पुरुष रात 12 बजे तक व्रत रखेंगे।
प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी पुलिस लाइन के राधा-कृष्ण मंदिर में लोगों को भगवान कृष्ण का अलग स्वरूप देखने को मिलेगा। यहां भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ेगी। वहीं जिला कारागार में भी भगवान श्रीकृष्ण मंदिर को सजाया जा रहा है।
इसके अलावा शहर व कस्बे के मंदिरों में जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर लोग जोर-शोर से जुटे हैं। कथा व्यास बृजेशाचार्य महराज ने बताया कि शुक्रवार को जन्माष्टमी व्रत व उत्सव मनाया जाएगा। रात्रि 1:06 बजे तक अष्टमी तिथि है।