सुल्तानपुर। शहर के घंटाघर चौक के पते पर 7.89 करोड़ रुपये की फर्जी बिलिंग करके लाखों की हेराफेरी करने वाले फर्म संचालक को राज्य कर विभाग ने नोटिस जारी किया है। नोटिस पंजाब के संगरूर जिले के सूरापट्टी निवासी सुखपाल सिंह को भेजा गया है। राज्य कर विभाग फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच पड़ताल में जुटा है।
लखनऊ मुख्यालय की सूचना पर पिछले दिनों राज्य कर विभाग के उपायुक्त अभिषेक सिंह चौहान व रियाज अहमद ने घंटाघर चौक में छापा मारा था। छापे में सुखपाल सिंह की चौक के पते पर पंजीकृत सुखपाल ट्रेडर्स और सुखपाल ऑटो ट्रेडर्स मौके पर संचालित नहीं मिली। इन दोनों फर्मों की ओर से चौक के पते पर कभी कोई काम करना नहीं पाया गया, जबकि विभागीय रिकॉड में दोनों फर्म पर 7.89 करोड़ की बिलिंग मिली है।
इसमें सुखपाल ट्रेडर्स पर 2.94 और सुखपाल ऑटो ट्रेडर्स पर 4.95 करोड़ रुपये की बिलिंग है। छानबीन में फर्जी बिलिंग मिलने पर राज्य कर उपायुक्त अभिषेक सिंह चौहान ने कोतवाली नगर में आरोपी सुखपाल सिंह निवासी सूरापट्टी, पंजाब के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
राज्य कर उपायुक्त ने बताया कि आरोपी को फर्जी बिलिंग के मामले में उसके पंजाब के पते पर नोटिस भेजा गया है। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।