सुल्तानपुर। विद्यार्थियों को यदि उनके मनमुताबिक कॉलेज न मिले तो वह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय पत्राचार के माध्यम से भी कोर्स कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया 10 जून से ही शुरू है और 15 जुलाई तक चलेगी।
कमला नेहरू संस्थान के इग्नू स्टडी सेंटर के कोऑर्डिनेटर डॉ. शक्ति सिंह ने बताया कि इग्नू की ओर से वर्तमान में लगभग 56 कोर्स संचालित हो रहे हैं। जिसमें स्नातक में बीए, बीए ऑनर्स, बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स, बीएससी, बीएससी ऑनर्स भी हैं। बैचलर ऑफ सोशल वर्क (बीएसडब्ल्यू), परास्नातक में एमए और एम कॉम भी संचालित होते हैं। स्नातकोत्तर में जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन कराया जाता है। एक साल का पोस्ट ग्रेजुएशन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (पीजीजेएमसी) और तीन साल का बीजेएमसी डिप्लोमा भी है। साथ ही कंप्यूटर कोर्स में बीसीए और एमसीए भी कराया जाता है।
मुफ्त में सीखें अलग-अलग भाषाएं
इग्नू स्टडी सेंटर पर जुलाई 2024 से देश के अलग-अलग राज्यों की 13 भाषाएं सिखाई जाती हैं। जिसका छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। इसमें पंजाबी, सिंधी, गुजराती, मराठी, नेपाली, असमी, बांग्ला, कन्नड़, उड़िया, तेलुगू, तमिल, कश्मीरी और मलयालम हैं। यह कोर्स 11 महीने का है जो जुलाई से मई तक चलता है। कोर्स समाप्त होने के बाद जून में परीक्षा होती है। कोर्स सीखने वाले छात्रों को शासन की ओर से 50 रुपये का उपहार दिया जाता है, और उसके अलावा प्रमाणपत्र भी मिलता है
जून व दिसंबर में होती है परीक्षा
कोऑर्डिनेटर डॉ. शक्ति सिंह ने बताया कि साल में दो बार परीक्षा होती है। पहली परीक्षा जून और दूसरी दिसंबर में होती है। यह परीक्षा ऑफलाइन कराई जाती है। जनवरी 2025 सत्र की परीक्षा 12 जून से 19 जुलाई तक कराई जाएगी। वहीं परीक्षा के 45 दिन बाद ही परिणाम घोषित कर दिया जाता है।
पंजीकरण के बाद विश्वविद्यालय देता है किताबें
ऑनलाइन व ऑफलाइन किताबें विश्वविद्यालय में पंजीकरण कराने के बाद छात्र को फीस के साथ ही दी जाती हैं। छात्र प्रवेश के समय ऑनलाइन किताब पढ़ने का विकल्प लेते हैं, तो उन्हें फीस में 20 प्रतिशत की छूट मिलती है।