गौरीगंज। दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पोर्टल पर अफसरों की ओर संदर्भित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतना जिले के 40 अफसरों को भारी पड़ गई। सितंबर माह का अंतिम दिन व प्रदेश स्तर पर होनी वाली निस्तारण की रैंकिंग को देखते हुए डीएम ने सभी अधिकारियों को नोटिस जारी की है।
नोटिस में तत्काल पोर्टल पर संदर्भित शिकायतों का निस्तारण कर जवाब तलब किया है। जिलाधिकारी ने शिकायतों का निस्तारण न होने की दशा में विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
दैनिक अनुश्रवण प्रणाली पोर्टल पर मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, राजस्व/शासन, ऑनलाइन व जनसुनवाई के दौरान संदर्भित जनशिकायतों का निस्तारण किया जाता है।
माह के अंतिम दिन व शासन स्तर पर मासिक निस्तारण की रैंकिंग से एक दिन पहले डीएम प्रशांत शर्मा ने निस्तारण की समीक्षा की तो जिले में 40 अधिकारियों के पास 164 शिकायतें अनिस्तारित मिलीं।
इसपर डीएम ने सभी को नोटिस जारी करने के लंबित शिकायतों का ब्यौरा देते हुए हर-हाल में एक अक्तूबर सुबह दस बजे तक शिकायतें निस्तारित करते हुए जवाब तलब किया है।
डीएम ने शिकायतें निस्तारित न होने, जवाब से असंतुष्ट होने व भविष्य में शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।