लंभुआ (सुल्तानपुर)। साहब! पहले एसडीएम साहब ने अवैध कब्जा हटवाकर रास्ता दिलवाया था। अब विपक्षी दिन भर रास्ता बंद किए रहते हैं। चार-पांच बार शिकायत के बाद भी रास्ता खाली नहीं कराया जा रहा है।
लॉकडाउन के बाद शनिवार को आयोजित डीएम के पहले तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में पीड़ित ने ये आरोप लगाए। फिलहाल डीएम ने पुलिस व राजस्व विभाग की टीम को समस्या निस्तारित करने का निर्देश दिया है।
इसी तरह से संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकांश मामले भूमि विवाद से जुड़े आए। डीएम, एसपी व अन्य अधिकारियों ने कोरोना गाडडलाइन के तहत सुनवाई करते हुए निस्तारण के निर्देश दिए। जयसिंहपुर, कादीपुर, सदर व बल्दीराय तहसील में भी एसडीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
साहब! खाते की भूमि का पेड़ काटने की विपक्षी दे रहे धमकी
तहसील क्षेत्र के घूरीपुर निवासी हरिशंकर वर्मा भूमि विवाद की समस्या लेकर डीएम के पास पहुंचे। उन्होंने प्रार्थना पत्र देते हुए कहा कि साहब, हमारे खाते की भूमि पर कुछ लोग कब्जे की नीयत से भूमि पर लगे पेड़ को काटने की धमकी दे रहे हैं। मना करने पर मारने-पीटने पर उतारू हो जाते हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच करवाने की गुजारिश की। डीएम ने पुलिस व राजस्व टीम को प्रकरण सौंपा है।
चारपाई डालकर विपक्षी रोक रहे सार्वजनिक रास्ता
क्षेत्र के घाटमपुर उत्तरी गांव के शिवनाथ ने एक सामूहिक शिकायती पत्र डीएम को दिया। कहा कि विपक्षी सार्वजनिक रास्ते को बंद कर दिए थे। पूर्व एसडीएम से शिकायत करने पर उन्होंने पुलिस के साथ सार्वजनिक रास्ते से अवैध कब्जा हटवा दिया था। अब विपक्षी रास्ते में दिनभर चारपाई डालकर रास्ता बंद किए रहते हैं। इसकी वजह से कई घरों के लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। कहा, साहब चार-पांच बार शिकायत किए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। डीएम ने इस प्रकरण पर भी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
तीन माह बाद भी मौके पर नहीं गई पुलिस
तहसील क्षेत्र के बहमरपुर तिवरान गांव निवासी राघवराम तिवारी ने भी डीएम को शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। राघवराम का आरोप है कि वे अपने घर के पानी की निकासी के लिए एक सोखता गड्ढा बनवा रहे हैं। तीन फिट गड्ढे की खुदाई हो चुकी है। इसके बाद लंभुआ पुलिस ने मौका देखने के लिए करीब तीन माह पहले काम को रोक दिया था। आज तक पुलिस मौका देखने नहीं गई। अब बारिश व नाबदान का गंदा पानी दरवाजे पर फैल रहा है। डीएम ने इस पर भी आश्वासन दिया है।
कई बार शिकायत के बाद नहीं हटवाया कब्जा
तहसील क्षेत्र नरेंदापुर गांव निवासी हेमावती पत्नी उमेश झा ने डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि कुछ विपक्षी उनके बैनामे की भूमि पर अड़ंगा लगा रहे हैं। न्यायालय में वाद का बहाना करके लोगों ने भूमि पर कब्जा कर लिया है। कई बार शिकायत के बाद भी भूमि से कब्जा नहीं हटवाया गया। डीएम ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
97 में छह का हुआ निस्तारण
कोरोना के चलते हुए लॉकडाउन के बाद शनिवार को तहसील में डीएम रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दिवस में भूमि विवाद के अधिक मामलों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पुलिस व राजस्व टीम को मौके पर जाकर ऐसे प्रकरणों के निस्तारण का निर्देश दिया है। दिवस में खराब मौसम के बाद भी विभिन्न विभागों से संबंधित 97 शिकायतें आईं।
इसमें राजस्व विभाग से संबंधित 37 व पुलिस से संबंधित 34 शिकायतें दर्ज हुईं। छह का मौके पर निस्तारण का दावा किया गया। दिवस में कोरोना गाइडलाइन के तहत टोकन सिस्टम से फरियादियों की सुनवाई हुई। एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने भी शिकायतों की सुनवाई की। दिवस में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एसडीएम वंदना पांडेय, सीओ सतीशचंद्र शुक्ल समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।