शहर में विकास भवन के पास नामांकन को लेकर की गई बैरिकेडिंग व मौजूद पुलिस।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। विधानसभा चुनाव के पांचवेें चरण के लिए चल रहे नामांकन के छठे दिन नाम निर्देशन को लेकर कलेक्ट्रेट के पास भारी गहमागहमी रही। समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस समेत 20 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान उम्मीदवारों के समर्थक बाहर नारेबाजी करते रहे। छठेें दिन के नामांकन में प्रत्याशियों की अधिक भीड़ आने की संभावना को देखते प्रशासन व पुलिस ने आसपास की दुकानों को बंद करा दिया था। कलेक्ट्रेट व आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। बैरियर के अंदर प्रत्याशियों के साथ सिर्फ पांच लोग ही प्रवेश पा सके।
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के छठें दिन भाजपा के दो, निषाद पार्टी के एक, सपा के दो, कांग्रेस के तीन व बसपा के एक प्रत्याशी समेत 20 ने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। लंभुआ से भाजपा प्रत्याशी सीताराम वर्मा ने समर्थकों के पहुंचकर कलेक्ट्रेट में नाम निर्देशन किया। उनके साथ पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कादीपुर से भाजपा प्रत्याशी राजेश गौतम ने कलेक्ट्रेट में नाम निर्देशन किया। लंभुआ के सपा प्रत्याशी संतोष पांडेय समर्थकों के साथ पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक साइकिल से पहुंचे और नामांकन पत्र भरा। सदर विधानसभा क्षेत्र से निषाद पार्टी के प्रत्याशी राजप्रसाद उपाध्याय ने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नाम निर्देशन किया। सदर से ही कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक सिंह राणा ने भी पार्टी के लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर पर्चा भरा।
सुल्तानपुर के कांग्रेस प्रत्याशी फिरोज अहमद ने सोमवार दोपहर समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर नाम निर्देशन पत्र भरा। उनके साथ पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे। कादीपुर सुरक्षित सीट से कांग्रेस प्रत्याशी निकलेश सरोज और कादीपुर के बसपा प्रत्याशी हीरालाल ने भी कलेक्ट्रेट पहुंचकर पर्चा भरा। इसौली से सपा प्रत्याशी मोहम्मद ताहिर खां भी समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कलेक्ट्रेट में आरओ वंदना पांडेय के समक्ष नाम निर्देशन किया। सुल्तानपुर से एआईएमआईएम के प्रत्याशी मिर्जा अकरम बेग व लंभुआ से आम जनता पार्टी की मंजूलता पाल ने भी समर्थकों के साथ नाम निर्देशन किया।
नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट व आसपास कड़ी सुरक्षा रही। कलेक्ट्रेट जाने वाले मार्गों पर बनाए गए बैरियरों के पास प्रत्याशियों के समर्थक रोक लिए गए। पुलिस ने पांच लोगों को ही प्रत्याशियों के साथ प्रवेश दिया। इसे लेकर पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जिला निर्वाचन अधिकारी रवीश गुप्ता ने बताया कि अभी तक पांचों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 35 नामांकन पत्र भरे गए हैं। मंगलवार को आखिरी दिन भाजपा, कांग्रेस व बसपा समेत अन्य प्रत्याशियों के नामांकन की संभावना है।